विश्व आदिवासी दिवस पर हेडरी में मुफ्त एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू

सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए ‘लॉयड्स‘ की पहल, 9 से 11 वर्ष की लड़कियों को मिला पहला टीका
गड़चिरोली : विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर, हेडरी स्थित लॉयड्स काली अम्मल मेमोरियल (एलकेएएम) अस्पताल ने ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) से संबंधित कैंसर से समुदाय की रक्षा के लिए एक विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया है। इस पहल का उद्घाटन लॉयड्स इनफिनिट फाउंडेशन (LIF) की निदेशक कीर्ति कृष्णा और परियोजना निदेशक सुनीता मेहता ने किया। वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गोपाल रॉय, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आकांश रेड्डी और वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी एवं प्रभारी श्रीमती कविता दुर्गम इस अवसर पर प्रमुखता से उपस्थित थे।

इस अभियान के तहत, 9 से 11 वर्ष की स्कूली छात्राओं और लॉयड्स मेटल्स अँड एनर्जी लिमिटेड (एलएमईएल) की महिला कर्मचारियों को टीके की पहली खुराक दी गई। इस अवसर पर कीर्ति कृष्णा और वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गोपाल रॉय ने टीकाकरण के महत्व और इसके दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह पहल सर्वाइकल कैंसर और अन्य एचपीवी-संबंधित बीमारियों की रोकथाम में एक महत्वपूर्ण कदम है।
लॉयड्स राज विद्या निकेतन (एलआरवीएन) की टीम ने छात्राओं को मुफ्त एचपीवी टीकाकरण प्रदान करने के लिए एलएमईएल के प्रबंध निदेशक बी. प्रभाकरन और कीर्ति कृष्णा का आभार व्यक्त किया। राखी के त्योहार के साथ शुरू हुई यह पहल एक वैज्ञानिक और स्थायी ‘सुरक्षा सूत्र’ के रूप में काम करेगी जो लड़कियों को स्वास्थ्य जोखिमों से बचाएगी।
महिलाओं के लिए टीकाकरण कार्यक्रम
अस्पताल द्वारा जारी किए गए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम के अनुसार 9-14 वर्ष की आयु के लिए: दो खुराक की सलाह दी जाती है। दूसरी खुराक पहली के 6 महीने बाद दी जाती है। 15-26 वर्ष की आयु के लिए: तीन खुराक की सिफारिश की जाती है। दूसरी खुराक पहली के 2 महीने बाद और तीसरी खुराक 6 महीने बाद दी जाती है। एलकेएएम अस्पताल द्वारा यह सेवा सभी महिलाओं को निःशुल्क प्रदान की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में जन स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना है।



