नागपूरविदर्भ

वीएनआईटी नागपुर में ‘राष्ट्रीय सुरक्षा में युवाओं की भूमिका’ पर दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस

22 अगस्त को केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी करेंगे उद्घाटन

नागपुर : विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (वीएनआईटी) नागपुर में ‘विकास के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा में युवाओं की भूमिका’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया है। यह कॉन्फ्रेंस शुक्रवार, २२ अगस्त को सुबह १० बजे केंद्रीय भूतल परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितीन गडकरी के ऑनलाइन संबोधन के साथ शुरू होगी। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को देश की आंतरिक, आर्थिक और साइबर सुरक्षा जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों से जोड़ना है।

‘यूथ फॉर नेशन’ के साथ मिलकर आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में देश भर के प्रबुद्ध विशेषज्ञ युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। कॉन्फ्रेंस में तीन मुख्य विषय हैं: आंतरिक सुरक्षा: इस सत्र में लेफ्टिनेंट जनरल विनोद खंडारे, डॉ. रविंदर सिंगल (पुलिस आयुक्त, नागपुर) और संदीप पाटिल (आईजी, नक्सल विरोधी अभियान, महाराष्ट्र) जैसे अनुभवी अधिकारी युवाओं से संवाद करेंगे। आर्थिक सुरक्षा: इस विषय पर प्रो. दुर्ग सिंह चौहान, प्रसिद्ध अर्थशास्त्री टी. एन. झा, और एईका चतुर्वेदी बनर्जी जैसे विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। साइबर सुरक्षा: इस महत्वपूर्ण विषय पर लेफ्टिनेंट जनरल रवीन्द्र सिंह पवार, कमोडोर ए. आनंद, और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव बृजेश सिंह मार्गदर्शन करेंगे।

वीएनआईटी के निदेशक प्रो. प्रेमलाल पटेल ने बताया कि नागपुर में आयोजित यह सम्मेलन युवाओं के लिए बहुत उपयोगी होगा, खासकर इंजीनियरिंग, पब्लिक पॉलिसी, अर्थशास्त्र, कानून और सिविल सेवाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए। इस कॉन्फ्रेंस के मुख्य संरक्षक वीएनआईटी के अध्यक्ष माडाभुषि मदन गोपाल हैं।

सलाहकार समिति में ‘यूथ फॉर नेशन’ के मुख्य मेंटोर प्रो. जी. एस. मूर्ति, वाइस एडमिरल रमन पुरी, डॉ. भीमराया मेत्री (निदेशक, IIM नागपुर), डॉ. प्रशांत जोशी (निदेशक, AIIMS नागपुर) और गोंडवाना विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रशांत बोकारे जैसी विद्वान हस्तियां शामिल हैं।

इस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक विशेष स्मारिका का भी विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. ज्ञानप्रकाश सिंह और सह-अध्यक्ष डॉ. रत्नेश कुमार के नेतृत्व में विभिन्न टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button