गोंदियाविदर्भ

गोंदिया को मिली 1000 करोड़ के विकासकार्यों की सौगात; नागपुर पैटर्न पर बनेगा भव्य एलिवेटेड सर्कल फ्लाईओव्हर ब्रिज

विधायक विनोद अग्रवाल के प्रयासों को बड़ी सफलता ; हाईवे, जिला जेल और मॉडर्न आईटीआई इमारत के निर्माण को भी शासन की हरी झंडी

गोंदिया : गोंदिया शहर को सर्वसुविधायुक्त, आधुनिक और विकसित बनाने के उद्देश्य से स्थानीय विधायक विनोद अग्रवाल द्वारा किए जा रहे प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। शासन ने उनकी विभिन्न मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए करीब 1000 करोड़ रुपये से अधिक के ऐतिहासिक विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की है। इस भारी-भरकम निधि से गोंदिया शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने के लिए नागपुर की तर्ज पर एक भव्य और आधुनिक एलिवेटेड रोटरी (सर्कल) फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा जिला जेल, नया हाईवे और आधुनिक आईटीआई जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है।

शहर में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव और प्रमुख चौराहों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इस उड़ानपुल का निर्माण समय की मांग बन चुका था। विधायक विनोद अग्रवाल ने इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बालाघाट टी-पॉइंट से कुड़वा स्थित साईं बाबा राइस मिल तक लगभग 3 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर ब्रिज की मांग की थी।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने इस 450 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली परियोजना को मंजूरी दे दी है और वर्तमान में इसका डीपीआर (Detailed Project Report) तैयार किया जा रहा है। यह फ्लाईओवर नागपुर के एलिवेटेड रोटरी ब्रिज मॉडल पर आधारित होगा, जो प्रमुख चौराहों को ऊपरी स्तर पर जोड़ने का काम करेगा। बालाघाट टी-पॉइंट पर एक विशेष गोलाकार (एलिवेटेड सर्कल) डिजाइन बनाई जाएगी, जिससे कुड़वा, कलेक्टर कार्यालय रोड, नागरा रोड, हड्डीटोली ब्रिज और मरारटोली ब्रिज मार्ग आपस में जुड़ेंगे। इसके साथ ही दासगांव मार्ग के यातायात को वैकल्पिक बायपास कनेक्टिविटी दी जाएगी, जिससे शहर के भीतर का ट्रैफिक जाम पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

रावणवाड़ी–कामठा–आमगांव हाईवे (290 करोड़ रुपये): पिछले 4 वर्षों से लंबित इस मांग पर मुहर लगाते हुए शासन ने 29 किलोमीटर लंबे मार्ग को हाईवे के रूप में विकसित करने के लिए 290 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। अत्याधुनिक जिला जेल का निर्माण (218 करोड़ रुपये): पिछले 27 वर्षों से लंबित जिला कारागृह निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। कारंजा स्थित पुलिस मुख्यालय के समीप इस अत्याधुनिक जिला जेल का निर्माण किया जाएगा। नई आधुनिक आईटीआई इमारत (116 करोड़ रुपये): फुलचुर स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) को आधुनिक व संसाधनयुक्त बनाने के लिए 116 करोड़ रुपये की लागत से नई इमारत को मंजूरी दी गई है, जिससे युवाओं के कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी।

इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए विधायक विनोद अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के मजबूत सहयोग से गोंदिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिल रही है। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के पूरा होने से पूरे जिले का स्वरूप बदल जाएगा। उन्होंने इन सभी जनहितैषी परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, लोकनिर्माण मंत्री शिवेंद्र राजे भोसले और कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा का सहृदय आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button