गोंदियाविदर्भ

धान उत्पादक किसानों को बड़ी राहत! महाराष्ट्र सरकार ने १६०५ करोड़ रुपये के बोनस और चुकारे को दी मंजूरी

3-4 दिनों में किसानों के खाते में आएगी राशि ; जनता के विधायक विनोद अग्रवाल ने माना किसान हितैषी सरकार का आभार

गोंदिया : महाराष्ट्र सरकार ने धान उत्पादक किसानों को बड़ी राहत देते हुए, उनके रुके हुए धान के बोनस और चुकारे की कुल १६०५ करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी दे दी है। इसमें ७३५ करोड़ रुपये धान के बोनस के लिए और ८७० करोड़ रुपये चुकारे की राशि के लिए शामिल हैं। सरकार के इस निर्णय से उन धान उत्पादक किसानों की चिंता दूर हो गई है, जिनकी राशि लंबे समय से अटकी हुई थी।

पिछले कुछ समय से धान उत्पादक किसान अपने रुके हुए बोनस और धान के भुगतान की राशि न मिलने से परेशान थे। कई किसानों ने इस मामले में स्थानीय विधायक विनोद अग्रवाल से संपर्क कर अपनी चिंता व्यक्त की थी और सरकार से जल्द समाधान की मांग की थी।

किसानों के हित में सदैव आवाज उठाने वाले विधायक विनोद अग्रवाल ने मानसून सत्र के दौरान महाराष्ट्र सरकार के समक्ष यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने सरकार से रुके हुए धान के बोनस और भुगतान की राशि तुरंत जारी करने और राहत प्रदान करने की मांग की थी। इसके साथ ही, उन्होंने धान खरीद के लक्ष्य को बढ़ाने की भी मांग की थी।

विधायक विनोद अग्रवाल ने सरकार द्वारा धान के बोनस और भुगतान की राशि मंजूर करने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, “राज्य की देवेंद्र फडणवीस सरकार सदैव किसानों का हित साधने वाली सरकार रही है। चाहे किसानों के आर्थिक नुकसान का मामला हो, या धान खरीद के लक्ष्य को बढ़ाने का, या फिर धान के बोनस की रकम को प्रति हेक्टेयर बढ़ाकर देने का, महाराष्ट्र सरकार ने हर संभव किसान हित पर अहम भूमिका निभाकर किसानों को लाभान्वित करने का कार्य किया है। मैं धान उत्पादक किसानों की ओर से सरकार का हर कदम पर आभार व्यक्त करता हूँ।”

विधायक अग्रवाल ने यह भी बताया कि अगले ३-४ दिनों में धान के बोनस और भुगतान की राशि किसानों के खातों में डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सरकार के इस कदम से किसानों में खुशी का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button