
वीएनआईटी नागपुर में हिंदी पखवाड़े का भव्य शुभारंभ
नागपुर: विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (वीएनआईटी), नागपुर में आयोजित हिंदी पखवाड़े का बुधवार, 17 सितंबर को उद्घाटन हुआ। इस समारोह में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि यह हमारे देश के स्वाभिमान और सम्मान का प्रतीक है।
प्रो. शर्मा ने वर्तमान युग को ‘टेक्नोकल्चर’ का बताते हुए कहा कि इसमें हिंदी एक बड़ी भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि भूमंडलीकरण के इस दौर में हिंदी का प्रभाव बाजार पर भी साफ दिखाई देता है। उन्होंने तकनीक और भाषा के रिश्ते को और मजबूत करने का आह्वान किया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए वीएनआईटी के निदेशक प्रो. प्रेमलाल पटेल ने कहा कि हिंदी जन-जन की भाषा है और संस्थान में इसे बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने संस्थान की हिंदी पत्रिका “राजभाषा प्रेरणा” को नराकास (नागरिक राजभाषा कार्यान्वयन समिति) द्वारा प्रथम पुरस्कार मिलने पर हिंदी कक्ष के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संस्थान में इसका उपयोग बढ़ाना है। समारोह में संकायाध्यक्ष प्रो. ज्ञानप्रकाश सिंह, समिति के नोडल अधिकारी सचिन जगदाले, और विशेष कार्य अधिकारी एस. पी. सिंह भी उपस्थित थे। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का संदेश भी इस अवसर पर पढ़ा गया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन डॉ. भारती पोलके ने किया। हिंदी पखवाड़े के दौरान विभिन्न गतिविधियों की जानकारी समीक्षा अलट ने दी, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रभात शर्मा ने किया। इस आयोजन को सफल बनाने में कई संकाय सदस्यों और छात्रों ने सक्रिय योगदान दिया। इस दौरान संस्थान के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष और बड़ी संख्या में हिंदी प्रेमी मौजूद थे।



