
पत्रकारिता, जनसंपर्क और साहित्य में उनके योगदान को मिली पहचान ; नागपुर के पूर्व महापौर दया शंकर तिवारी ने किया सम्मानित
नागपुर : नागपुर में रविवार (२७ जुलाई) शाम ‘कलम’ सांस्कृतिक संस्था द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में पत्रकारिता, जनसंपर्क और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सत्येंद्र प्रसाद सिंह को ‘लेखनी भूषण सम्मान’ से सम्मानित किया गया। नागपुर के पूर्व महापौर और नागपुर नगर भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष दया शंकर तिवारी ने उन्हें शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और एक पौधा देकर सम्मानित किया।
पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (पश्चिम) और विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (वीएनआईटी) में हिंदी के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) एस.पी. सिंह ने पत्रकारिता, जनसंपर्क और साहित्य के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके इसी योगदान को रेखांकित करते हुए ‘कलम’ सांस्कृतिक संस्था ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
इस कार्यक्रम में स्थानीय कवियों द्वारा काव्य पाठ भी किया गया। इस अवसर पर दिवंगत कवि मधुप पाठक, गीतकार दया शंकर तिवारी ‘मौन’ और व्यंग्य कवि डॉ. नीरज व्यास को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में महाराष्ट्र राज्य हिंदी अकादमी के सदस्य अजय पाठक, समाजसेवी जय प्रकाश गुप्ता, प्रमोद शुक्ला, कवि प्रो. मनीष बाजपेयी, अमित बाजपेयी, डॉ. गोविंद प्रसाद उपाध्याय, मनीष सोनी, मधुसूदन देशमुख, सरिता सरोज, आनंद राज आनंद, सुश्री शालिनी, राजेश दुबे सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति प्रमुख रूप से उपस्थित थे।



