
गोंदिया : गणेश चतुर्थी का त्योहार नजदीक है, लेकिन गोंदिया के गणेश मंडलों को इस बात की चिंता सता रही थी कि राष्ट्रीय महामार्ग के निर्माण के कारण कोरनी के बाघ नदी घाट पर मूर्तियों का विसर्जन कैसे होगा। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक विनोद अग्रवाल ने तुरंत पहल की और गणेश विसर्जन का रास्ता साफ किया।
रजेगांव बाघ नदी पर बने नए राष्ट्रीय महामार्ग के कारण कोरनी घाट पर मूर्ति विसर्जन में बड़ी बाधा आ रही थी। हाइवे के नीचे बने अंडर पास की ऊंचाई कम होने के कारण बड़ी मूर्तियों को वहां से ले जाना संभव नहीं था। इसके अलावा, विसर्जन स्थल तक जाने वाली सड़क पर निर्माण का मलबा पड़ा था, जिससे रास्ता पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया था।
समस्या से अवगत होने के बाद, विधायक विनोद अग्रवाल ने तुरंत जिलाधिकारी गोंदिया और राष्ट्रीय महामार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद, उन्होंने खुद रजेगांव बाघ नदी घाट पहुंचकर विसर्जन स्थल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नदी के उस पार रजेगांव (मध्य प्रदेश) की ओर से रास्ता व्यवस्थित किया जाए और कोरनी घाट की ओर से मलबे को तुरंत हटाकर सड़क को सुधारा जाए। इससे वाहन अंडर पास का उपयोग कर आसानी से निकल सकेंगे और विसर्जन में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
विधायक अग्रवाल ने सिर्फ वर्तमान समस्या का ही समाधान नहीं किया, बल्कि भविष्य के लिए एक स्थायी विकल्प भी तलाशा। उन्होंने सतोना के बाघ नदी स्थित महादेव घाट का भी निरीक्षण किया। वहां नदी तक पहुंचने वाली सड़क को चौड़ा करने और घाट परिसर का कायाकल्प करने के लिए सरपंच संदीप तुरकर से चर्चा की। इससे आने वाले समय में गोंदिया के सैकड़ों गणेश और दुर्गा मूर्तियों का विसर्जन बिना किसी परेशानी के हो सकेगा।
इस दौरान, विधायक अग्रवाल ने मुरपार, धामनगांव और सतोना में नेशनल हाइवे पर बस स्टॉप और डिवाइ़डर क्रॉसिंग बनाने के भी निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को असुविधा न हो।



