
‘जनसंपर्क: लोकतंत्र का पांचवां स्तंभ‘ थीम पर होगा भव्य आयोजन ; सूचना आयुक्त गजानन निमदेव होंगे मुख्य अतिथि
नागपुर : पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI), नागपुर चैप्टर द्वारा मंगलवार, 21 अप्रैल 2026 को ‘राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय रवि भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में शाम 6:00 बजे आयोजित होने वाले इस समारोह में जनसंपर्क के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र सरकार के नागपुर विभाग के सूचना आयुक्त गजानन निमदेव होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नागपुर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक महामुनि (IAS) और नागपुर महानगरपालिका की स्थायी समिति की सभापति शिवानी दाणी वखरे उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता PRSI के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (पश्चिम) एस.पी. सिंह करेंगे।
प्रत्येक वर्ष एक नई दिशा के साथ मनाए जाने वाले इस दिवस की इस वर्ष की थीम ‘जनसंपर्क: लोकतंत्र का पांचवां स्तंभ’ निर्धारित की गई है। इस विषय पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे कि किस प्रकार जनसंपर्क लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभा रहा है।
समारोह के दौरान जनसंपर्क के क्षेत्र में दीर्घकालिक और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे: जीवन गौरव सम्मान: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के भूतपूर्व संचालक शरद चौधरी को उनके मार्गदर्शन और योगदान के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा जाएगा। वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पी.आर.ओ.: महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के उप महाप्रबंधक (जनसंपर्क) अखिलेश हलवे को उनकी बेहतरीन कार्यशैली के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ पी.आर.ओ.’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
PRSI नागपुर चैप्टर के अध्यक्ष यशवंत मोहिते और सचिव मनीष सोनी ने जनसंपर्क के विद्यार्थियों, मीडिया कर्मियों, साहित्यकारों और कलाकारों से इस समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संयुक्त सचिव प्रसन श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष शरद मराठे सहित कार्यकारिणी सदस्य अनिल गडेकर, मधुसूदन देशमुख, अमित बाजपेयी और अन्य सदस्य सक्रिय रूप से प्रयासरत हैं।



