नागपूरविदर्भ

संतरा नगरी के हिंदी प्रेमियों ने सीआरपीएफ के के. सुन्दरेसन को दी भावभीनी विदाई

नराकास (नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति) द्वारा VNIT में गरिमामय समारोह का आयोजन; हिंदी के प्रति उनके योगदान की सराहना

नागपुर : नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), नागपुर की ओर से ग्रुप केंद्र, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के राजभाषा हिंदी प्रभारी के. कृष्णमूर्ति सुन्दरेसन के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। सुन्दरेसन का स्थानांतरण नीमच (मध्य प्रदेश) होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (VNIT) के सीनेट हॉल में गुरुवार, 16 अप्रैल को संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता VNIT की हिंदी कार्यान्वयन समिति के कार्याध्यक्ष डॉ. ज्ञानप्रकाश सिंह ने की। संस्थान के कुलसचिव सचिन जगदाले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों ने सुन्दरेसन को पौधा, शॉल, श्रीफल, मानपत्र और स्मृति चिह्न (मेमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया। डॉ. सिंह एवं जगदाले ने उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

सम्मान के उत्तर में भावुक होते हुए सुन्दरेसन ने नराकास के पदाधिकारियों और मित्रों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “नागपुर के लोगों का प्रेम और यहाँ की मीठी यादें मेरे जीवन का अनमोल हिस्सा हैं, जिन्हें मैं हमेशा अपने दिल में संजो कर रखूँगा।”

समारोह की शुरुआत में सुप्रसिद्ध गायिका, पद्म विभूषण आशा भोंसले के निधन पर मौन रखकर उन्हें भावभीनी आदरांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात VNIT के ओएसडी (हिंदी) एस. पी. सिंह ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया और सुन्दरेसन के कार्यकौशल पर प्रकाश डाला।

समारोह में दीपक चौहान, अभिनय शर्मा, अशोक विश्वकर्मा और राजेश शर्मा ने भी सुन्दरेसन के मिलनसार एवं सहयोगी स्वभाव की प्रशंसा की। कार्यक्रम में नागपुर स्थित विभिन्न प्रमुख कार्यालयों जैसे: वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL), भारतीय खान ब्यूरो (IBM), भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), एगमार्क, एनपीटीआई (NPTI), एफसीआई (FCI), इंडियन ऑयल, नीरी (NEERI) और एमईसीएल (MECL) के हिंदी अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. भारती पोलके ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पूनम उईके द्वारा किया गया। राष्ट्रगान के साथ इस गरिमामय समारोह का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button