
55 ई-रिक्शा और 55 कान की मशीनें भेंट कीं ; रक्तदाताओं का किया आभार, बोले- ‘दिव्यांगों की मदद ईश्वरीय कार्य‘
गोंदिया : गोंदिया के लोकप्रिय विधायक विनोद अग्रवाल ने अपने 55वें जन्मदिवस को हर बार की तरह इस बार भी दिव्यांगजनों को खुशी देकर उनके साथ उत्साह के साथ मनाया। ‘जनता के आमदार’ के रूप में ख्याति अर्जित कर चुके भारतीय जनता पार्टी के विधायक विनोद अग्रवाल को सिर्फ नाम के लिए जनता का आमदार नहीं कहा जाता, बल्कि उनके कार्य जनता जनार्दन के लिए समर्पित होने से ही उन्हें यह उपाधि प्राप्त हुई है।
4 जून को विधायक विनोद अग्रवाल ने अपना 55वां जन्मदिन शहर के फुलचुर स्थित लकी लॉन के विशाल प्रांगण में उत्साह के साथ मनाया। खास बात यह रही कि, उनकी लोकप्रियता के चलते सभी पक्षों और समाज के लोगों की हजारों में उपस्थिति इस बात की गवाह थी कि ‘विधायक हो तो ऐसा’। जन्मदिन में बधाई देने वालों की इतनी संख्या ने इस जन्मदिवस को बेहद खास बना दिया।

अपने 55वें जन्मदिवस के अवसर पर विधायक विनोद अग्रवाल ने 55 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ई-रिक्शा भेंट कर उन्हें गले लगाया। वहीं, 55 ज़रूरतमंदों को कान की मशीनें भेंट कर उनके जीवन में नई खुशी लाने का कार्य किया। विशेष बात यह रही कि गोंदिया विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिले से दिव्यांगजनों ने ई-रिक्शा के लिए विनती की थी, जिस पर ‘जनता के विधायक’ ने हर तहसील में 2-2 दिव्यांगजनों को ई-रिक्शा भेंट की।
इस खुशी के मौके पर विधायक विनोद अग्रवाल ने व्यक्त किया, “मेरे लिए आज का दिन सबसे उत्साहित दिन है। आज दिव्यांगजनों को बैटरी चालित रिक्शा और कान की मशीनें भेंट कर जो खुशी उनमें दिखाई दे रही है, वही खुशी मुझमें ऊर्जा का स्रोत उत्पन्न कर रही है। दिव्यांगों की मदद ईश्वरीय कार्य है, और यह कार्य मैं जीवन भर करता रहूँगा।”
‘जनता के आमदार’ के जन्मदिन पर, लकी लॉन में ही उन्होंने अपने शुभचिंतकों से पुष्पगुच्छ या अन्य वस्तुएं न लाकर जिले में रक्त की कमी पूरी करने के लिए रक्तदान करने की विनती की थी। इस अपील पर 55 मित्रों द्वारा रक्तदान करने पर उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस रक्तदान शिविर में जिला ब्लड बैंक और शासकीय मेडिकल कॉलेज की टीम का विशेष सहयोग रहा।
जन्मदिन के अवसर पर गोंदिया विधानसभा सहित जिले भर से हजारों की संख्या में उनके चाहने वाले लकी लॉन के विशाल प्रांगण में पहुँचे और विधायक विनोद अग्रवाल को जन्मदिन की बधाई दी, साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य, दीर्घायु और बेहतर स्वास्थ्य के लिए शुभाशीर्वाद दिया।



