
गोंदिया : जिले के सुप्रसिद्ध माँ मांडोदेवी देवस्थान, तेढ़ा/बघेड़ा में शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर देवी भक्तों का अपार उत्साह देखने को मिल रहा है। इस वर्ष मंदिर में सर्वाधिक 2035 घटों की स्थापना की गई है, जो भक्तों की अटूट आस्था को दर्शाती है। घट स्थापना के साथ ही नौ दिनों तक माता रानी के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना के लिए माँ के दरबार में भक्तों का तांता लगा हुआ है।
सनातन धर्म में नवरात्रि को शक्ति साधना और आत्मिक शुद्धि का पावन पर्व माना जाता है। नवरात्रि वर्ष में चार बार आती है, चैत्र, आषाढ़, आश्विन (शारदीय) और माघ। इनमें से शारदीय नवरात्रि का विशेष महत्व है, जिसे देवी दुर्गा की उपासना का महा महोत्सव माना गया है। इसी महत्ता को देखते हुए, गोंदिया में स्थित मांडोदेवी देवस्थान में प्रतिदिन हजारों भक्त मातारानी की आराधना कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
मांडोदेवी देवस्थान के अध्यक्ष और गोंदिया के विधायक विनोद अग्रवाल ने जानकारी दी कि, इस वर्ष नवरात्रि महोत्सव के दौरान महिलाओं द्वारा अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए रिकॉर्ड तोड़ दो हजार 35 घटों (कलशों) की स्थापना की गई है। घट-कलश की उचित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष समिति द्वारा देखरेख की जा रही है। विधायक अग्रवाल ने बताया कि माँ मांडोदेवी सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं, जिसके कारण यहां आने वाले भक्तों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है।



