नागपूरविदर्भ

वीएनआईटी में 76 वां गणतंत्र दिवस सोल्लास संपन्न

नागपूर : विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (वीएनआईटी) में रविवार, 26 जनवरी को 76 वां गणतंत्र दिवस समारोह उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ.

वीएनआईटी के प्रशासनिक भवन के समक्ष राष्ट्रीय धुन के बीच शासी मंडल के अध्यक्ष माडाभूषि मदन गोपाल ने राष्ट्रध्वज तिरंगा फ़हराया. उसके पूर्व मदनगोपाल, संस्थान के निदेशक डॉ. प्रेमलाल पटेल और वीएनआईटी के नये कुलसचिव सचिन जगदाले ने सर एम. विश्वेश्वरैया की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की.

डॉ. प्रेमलाल पटेल ने अपने भाषण में वीएनआईटी की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए सभी को बधाई दी. उन्होंने आह्वान किया कि, इस वर्ष गणतंत्र दिवस की थीम -“स्वर्णिम भारत : विरासत और विकास” के आधार पर हम सभी को अपना योगदान कर देश को विकसित बनाना है और वीएनआईटी को भी प्रगति के शिखर पर ले जाना है. श्री माडाभूषि मदन गोपाल ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि, अपना देश भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से सभी को प्रेरित  किया. कुलसचिव सचिन जगदाले ने संविधान की प्रस्तावना/उद्देशिका का वाचन किया, जिसे सभी उपस्थितों ने दोहराया.

तत्पश्चात, अतिथियों ने वीएनआईटी की हिंदी पत्रिका “राजभाषा प्रेरणा” का विमोचन किया. इस दौरान, संकायाध्यक्ष (संकाय कल्याण) डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह, पत्रिका समिति के अध्यक्ष डॉ. निखिल दीप गुप्ता, सम्पादक एस.पी. सिंह और सह सम्पादक डॉ. भारती पोलके उपस्थित थीं.

समारोह में विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया. उसकी उद्घोषणा डॉ. वाई.एम. पुरी सह संकायाध्यक्ष (परीक्षा) ने की. रुग्ण-मित्र अवार्ड की घोषणा एस. जगदाले ने की. यह पुरस्कार सुश्री इशिता मिश्रा को मिला.

भव्य परेड का नेतृत्व सुरक्षा अधिकारी वीरजी श्रीवास्तव ने और कार्यक्रम का सुंदर संचालन दीपाली देशपांडे ने किया. समारोह में सभी डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक अन्य कर्मी गण तथा विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे. मिष्ठान्न-वितरण के बाद, अंत में छात्रों ने नुक्कड़-नाटक “हल्ला-बोल” की प्रभावी प्रस्तुति की.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button