कृषीगोंदियाविदर्भ

नकली खाद-बीज विक्रेताओं पर कड़ी कार्रवाई करें, कृषि योजनाओं का लाभ सभी किसानों तक पहुंचाएं : विधायक विनोद अग्रवाल

गोंदिया में खरीफ हंगामपूर्व नियोजन समीक्षा बैठक ; विधायक अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।

गोंदिया : गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद अग्रवाल ने कृषि विभाग के अधिकारियों को नकली खाद और बीज बेचने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि कृषि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ जिले के सभी किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।

विधायक अग्रवाल मंगलवार को पंचायत समिति गोंदिया में खरीफ हंगामपूर्व नियोजन समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिला परिषद गोंदिया की कृषि व पशुपालन विभाग की सभापति दीपा चंद्रिकापुरे, पंचायत समिति गोंदिया के सभापति मुनेश रहांगडाले, उपसभापति शिवलाल जामरे, पूर्व उपसभापति नीरज उपवंशी, जिला परिषद सदस्य वैशाली पंधरे व आनंदा वाढीवे, पंचायत समिति सदस्य शैलेजा सोनवाने, कृषि उपसंचालक महेंद्र ठोकले, कृषि विज्ञान केंद्र हिवरा के वरिष्ठ वैज्ञानिक विशाल उबरहांडे सहित कृषि विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

बैठक में विधायक अग्रवाल ने फल बागवानी और तिलहन की खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि, वे गांववार तीन से चार प्रगतिशील किसानों की पहचान करें ताकि उनसे अन्य किसान भी प्रेरणा ले सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने और उन्हें सही समय पर बीज व खाद उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।

कृषि उपसंचालक महेंद्र ठोकले ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, जबकि तालुका कृषि अधिकारी नेहा आढाव ने खरीफ सीजन की योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। मंडल कृषि अधिकारी रेशिम रामटेके ने पोकरा योजना के बारे में विधायक को अवगत कराया।

बैठक का संचालन कृषि पर्यवेक्षक टी.एस. तुरकर ने किया। इस अवसर पर प्रगतिशील किसान आत्माराम पाचे, हुसनलाल ठाकरे, कमलेश ठाकरे और भूपेंद्र हरिनखेड़े भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button