
नराकास-2 की छमाही समीक्षा बैठक में हुआ सम्मान, 2023 के लिए भी मिला प्रोत्साहन पुरस्कार
नागपुर : विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (वीएनआईटी) की हिंदी पत्रिका ‘राजभाषा प्रेरणा’ को वर्ष 2024 के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास-2) की छमाही समीक्षा बैठक और पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदान किया गया। इस समारोह में पत्रिका को वर्ष 2023 के लिए भी प्रोत्साहन पुरस्कार से नवाजा गया।
इस उपलब्धि पर वीएनआईटी के निदेशक प्रो. प्रेमलाल पटेल ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. ज्ञानप्रकाश सिंह के नेतृत्व में संस्थान का हिंदी कक्ष सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने हिंदी कार्यान्वयन समिति के सदस्यों के सहयोग से संस्थान में हिंदी भाषा को और अधिक बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया। यह पुरस्कार संस्थान में हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।



