
१५ हजार से अधिक किसानों को मिलेगा रबी में फसल नुकसान का मुआवजा
गोंदिया : रबी मौसम २०२५-२६ में गोंदिया विधानसभा क्षेत्र में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद, विधायक विनोद अग्रवाल के प्रयासों से किसानों को बड़ी राहत मिली है। सरकार ने प्रभावित १५,१७६ किसानों के लिए ९ करोड़ रुपये की सहायता राशि मंजूर की है।
असमय हुए इस प्राकृतिक आपदा से करीब १३,२०० एकड़ में लगी धान और अन्य फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई थीं। किसानों की इस परेशानी को देखते हुए विधायक विनोद अग्रवाल ने खुद अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और नुकसान का पंचनामा करके इसकी रिपोर्ट सरकार को सौंपने का निर्देश दिया।
विधायक अग्रवाल के पत्र के बाद सरकार ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए ९ करोड़ ७ लाख ६३ हजार १७० रुपये की राशि मंजूर कर दी है। विधायक ने बताया कि यह मुआवजा राशि जल्द से जल्द किसानों के बैंक खातों में जमा हो, इसके लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं।



