
खमारी में अभियान का शुभारंभ, शिविरों के माध्यम से होगा नागरिकों का समाधान
गोंदिया : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती (२ अक्टूबर) तक महाराष्ट्र सरकार ‘छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व अभियान’ के तहत ‘सेवा पखवाड़ा’ मना रही है। इस सेवा पखवाड़ा की शुरुआत विधायक विनोद अग्रवाल के हाथों १७ सितंबर को ग्राम खमारी में एक भव्य कार्यक्रम के साथ की गई। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना है।
विधायक अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह अभियान ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘गरीब कल्याण’ की त्रिसूत्री पर आधारित है। उन्होंने ग्रामीण नागरिकों से इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार के इस कदम से २०२१ से पहले के सभी अतिक्रमण धारकों को भूमि पट्टे का अधिकार मिलेगा। इसके अलावा, उन्होंने झुडपी जंगल और वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को भी आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का भी जल्द समाधान होगा। विधायक ने कहा कि जब शासन और प्रशासन मिलकर काम करते हैं, तभी विकास संभव होता है। उन्होंने कहा कि गांवों में खेत रास्तों का निर्माण होने से किसानों की जमीन की कीमत बढ़ रही है और वे समृद्ध हो रहे हैं।
विधायक अग्रवाल ने बताया कि यह सेवा पखवाड़ा तीन चरणों में चलेगा: पांदन सड़क अभियान: ग्रामीण सड़कों का निर्माण। सबके लिए घर: २०११ से पहले के अतिक्रमण धारकों को भूमि पट्टों का वितरण। अभिनव पहल: जिला स्तर के लंबित मामलों का समाधान।
जिलाधिकारी प्रजीत नायर ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि, गोंदिया जिला विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है और इसका श्रेय विधायक विनोद अग्रवाल के प्रयासों को जाता है। उन्होंने कहा कि गोंदिया तालुका में २०१९ से पहले के १३,००० अतिक्रमण धारकों को भूमि पट्टे दिए जा रहे हैं। मेरे प्रयास रहे है कि प्रत्येक कार्य को बेहतर तरीके से कैसे किया जा सकता है उसका हमने प्रयास किया है। जो प्रलंबित है उसे पूरा करने का प्रयास जारी है। गाँव मे सड़को को लेकर अधिक वाद निर्माण होता है वो अब इस अभियान के माध्यम से दूर करने का प्रयास शासन-प्रशासन स्तर पर किया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीओ चंद्रभान खंडाइत, तहसीलदार शमशेर पठान, अपर तहसीलदार श्रीकांत कांबले, बीडीओ आनंदराव पिंगले, सरपंच खमारी होमेन्द्र भांडारकर, पंस सदस्य कनीराम तावाड़े, उपसरपंच लीलाबाई उके, ग्राम पंचायत सचिव खाड़े, अजय खानोरकर, ज्ञानेश्वर धोटे, मनोज साखरे, गोले सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



