
बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पण के साथ कार्य करने का सदस्यों का संकल्प
नागपुर : बिहार के विकास, शिक्षा, समता और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यरत स्वैच्छिक संगठन ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ के नागपुर चैप्टर की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार, ५ जून को नागपुर में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस बैठक में संगठन के आगामी रोडमैप और सामाजिक जागरूकता अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस विशेष बैठक को मुख्य अतिथि के रूप में मगध रेंज (गया) के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विकास वैभव जी ने ऑनलाइन माध्यम से संबोधित किया। वहीं, जीएसटी (अपील) के आयुक्त अजीत कुमार ने भी बैठक में उपस्थित रहकर संगठन के मुख्य मिशन और विज़न पर विस्तार से प्रकाश डाला।
बैठक को संबोधित करते हुए आईजी विकास वैभव जी ने युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग से राष्ट्र एवं राज्य के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। जीएसटी कमिश्नर अजीत कुमार ने संगठन के लक्ष्यों को रेखांकित करते हुए समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ने की बात कही।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में सहमति व्यक्त की कि बिहार को प्रेरित करने, उसकी समृद्ध विरासत को पुनर्स्थापित करने और उसके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत गंभीरता, निरंतरता एवं पूर्ण समर्पण के साथ जमीनी स्तर पर कार्य किया जाना चाहिए।
बैठक में नागपुर के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया और अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए। विचार व्यक्त करने वाले प्रमुख सदस्यों में एस.पी. सिंह (ओएसडी, वीएनआईटी – VNIT), डॉ. आशीष झा (विभागाध्यक्ष, प्राणीशास्त्र, हिस्लोप कॉलेज), डॉ. कुमुद रंजन (वरिष्ठ वैज्ञानिक), अमित कुमार (सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त, आयकर विभाग), सुष्मिता सिंह, अनुपमा सिंह एवं अधिवक्ता हेमलता सिंह शामिल रहे।
इस महत्वपूर्ण बैठक का अत्यंत कुशल संचालन डॉ. जवाहरलाल गिरी ने किया और कार्यक्रम के अंत में उन्होंने बैठक में शामिल हुए सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में संगठन को मजबूती प्रदान करने के संकल्प के साथ रविन्द्र गिरी, चंदन शर्मा, कौशल पाठक, ए.आर. चौबे, रुद्र एन. मिश्रा, अजय सिंह, संजय सिंह, विधि झा, सौरभ झा और विवेक शर्मा सहित नागपुर चैप्टर के अन्य अनेक सम्मानित सदस्य और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



