गडचिरोलीविदर्भ

192 बटालियन सीआरपीएफ ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

“YOGA FOR HEALTHY AGEING” थीम पर स्कूली बच्चों और जवानों ने किया सामूहिक योगाभ्यास; कमांडेंट परविन्दर सिंह ने रेखांकित किया योग का महत्व

गड़चिरोली : आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 21 जून, को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एम.आई.डी.सी., गड़चिरोली में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। 192 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर में बटालियन के कमांडेंट परविन्दर सिंह, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, वाहिनी के जवानों, रेंज ऑप्स गड़चिरोली के उप महानिरीक्षक (DIG) कार्यालय के जवानों और भारी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस वर्ष का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “YOGA FOR HEALTHY AGEING” (स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग) की विशेष विषयवस्तु (थीम) पर आधारित था, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से जीवनभर स्वस्थ रहने का संदेश देना था।

शिविर के दौरान उपस्थित जवानों और बच्चों को संबोधित करते हुए 192 बटालियन के कमांडेंट परविन्दर सिंह ने योग के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि, योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानव जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे होने वाले अद्भुत शारीरिक और मानसिक लाभों को समझाते हुए उन्होंने सभी को योग को अपने दैनिक जीवन में निरंतर अपनाने और इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

192 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा अपने जवानों की शारीरिक और मानसिक तंदुरुस्ती के लिए प्रतिदिन नियमित योग कार्यक्रम चलाया जाता है। देश सेवा के साथ-साथ अब वाहिनी ने इसे एक व्यापक ‘मिशन’ के तौर पर आम नागरिकों और स्थानीय स्कूली बच्चों के बीच भी ले जाने का एक सराहनीय निर्णय लिया है।

बल का उद्देश्य है कि जवानों के साथ-साथ समाज का हर नागरिक और बच्चे भी नियमित योगाभ्यास से लाभान्वित हो सकें। इससे न केवल लोगों का मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि एक स्वस्थ, सशक्त और ऊर्जावान राष्ट्र के निर्माण में भी गड़चिरोली की जनता अपना अमूल्य योगदान दे सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button