
१५ दिसंबर तक चलेगा अभियान ; कमांडेंट परविन्दर सिंह ने बताया स्वच्छता का महत्व
गडचिरौली : १९२ बटालियन केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा ०१ दिसंबर से १५ दिसंबर तक आयोजित किए जाने वाले स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ बटालियन मुख्यालय, पुलिस कॉम्प्लेक्स, गडचिरौली में किया गया। यह कार्यक्रम कमांडेंट परविन्दर सिंह की अध्यक्षता में मनाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता गतिविधियों को अपनाना और नागरिकों में अपने आस-पास के परिवेश, सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई रखने के प्रति जागरूकता पैदा करना है। बटालियन के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने नागरिकों को जागरूक करने के लिए एक जागरूकता रैली का आयोजन किया।

कमांडेंट परविन्दर सिंह के मार्गदर्शन में, बटालियन की सभी कंपनियों द्वारा गडचिरौली के अलग-अलग क्षेत्रों में स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय जन-मानस को अपने आस-पास के परिवेश, सरकारी कार्यालयों, संस्थाओं, अस्पताल और बस स्टैंड इत्यादि की साफ-सफाई रखने तथा इसके महत्व पर जोर देने के लिए एक रोड मार्च का भी आयोजन किया गया।
इस रैली को सफल बनाने में गडचिरौली के स्थानीय सनराईज क्रिकेट एकेडमी के बच्चों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।



