
मुख्यमंत्री से चर्चा बाद, मंत्रालय में अन्न पुरवठा विभाग के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक
गोंदिया : धान उत्पादक किसानों के लिए एक अच्छी खबर है। गोंदिया के विधायक विनोद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलकर यह सुनिश्चित किया है कि धान के बोनस और चुकारे से कोई भी किसान वंचित नहीं रहेगा। एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद, अन्न और नागरिक आपूर्ति विभाग ने जल्द ही इस समस्या को सुलझाने का आश्वासन दिया है।
दरअसल, महाराष्ट्र में धान की सरकारी खरीद मार्केटिंग फेडरेशन और आदिवासी विकास महामंडल द्वारा की जाती है। पहले किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण एनईएमएल ऐप के जरिए होता था। अब मार्केटिंग फेडरेशन ने अपना नया ऐप भीम (Bhim) एप लॉन्च किया है, जिससे ऑनलाइन पंजीकरण किया जा रहा है। इस नए ऐप में कुछ तकनीकी खामियों के कारण, कई किसानों के बैंक खातों में धान की कीमत (चुकारे) और बोनस की राशि अभी तक जमा नहीं हुई है।
इस समस्या से अवगत होने पर, धान का कटोरा कहे जाने वाले गोंदिया के विधायक विनोद अग्रवाल ने तत्काल इसका संज्ञान लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर किसानों की परेशानी बताई और इस पर तत्काल कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर, मंत्रालय में अन्न और नागरिक आपूर्ति विभाग की एक उच्च-स्तरीय बैठक बुलाई गई। बैठक में विभाग के सचिव, मार्केटिंग फेडरेशन के महा प्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। विधायक अग्रवाल ने इस बैठक में किसानों की ओर से भीम ऐप की खामियों को तुरंत दूर करने और सभी पात्र किसानों के खातों में बकाया राशि जमा करने की मांग की।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने विधायक अग्रवाल की बात को गंभीरता से सुना और इस समस्या का सकारात्मक समाधान निकालने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही भीम ऐप की तकनीकी खामियों को ठीक कर लिया जाएगा और सभी पात्र किसानों को उनके धान का चुकारा और बोनस मिल जाएगा। विधायक विनोद अग्रवाल ने बताया कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि एक भी किसान इस लाभ से वंचित नहीं रहेगा। यह एक बड़ी राहत है और इससे हजारों धान उत्पादक किसानों को फायदा होगा।



