
सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत ग्रामीणों को बांटे गए सोलर लाइट ; सामुदायिक शौचालयों और स्नानघरों का भी हुआ निर्माण
गड़चिरोली : पुलिस और आम जनता के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करने और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के आर्थिक उत्थान के संकल्प के साथ 192 बटालियन, सीआरपीएफ द्वारा एक विशेष ‘सिविक एक्शन प्रोग्राम’ (CAP 2025-26) का आयोजन किया गया। बटालियन के कमांडेंट परविंदर सिंह के नेतृत्व में यह कार्यक्रम कोटमी क्षेत्र में संपन्न हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों का प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर 06 महिलाओं को सिलाई का विशेष प्रशिक्षण पूरा करने के उपरान्त प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही, उन्हें सशक्त बनाने के लिए एक-एक सिलाई मशीन भी भेंट की गई। इस पहल से महिलाएं अपने ही गांव में स्वरोजगार कर आर्थिक रूप से स्वतंत्र हो सकेंगी।

‘ग्रामीण स्वच्छता मिशन’ को गति देने के लिए सीआरपीएफ ने कोटमी में सामुदायिक उपयोग हेतु 02 शौचालयों (Toilets) और 02 स्नानघरों (Bathrooms) का निर्माण कराया है। इसके अतिरिक्त, गांव की सड़कों को रोशन करने के लिए 02 सोलर स्ट्रीट लाइट भी वितरित की गईं, जिससे सुदूर क्षेत्रों में अंधेरे की समस्या दूर होगी।
कमांडेंट परविंदर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि सीआरपीएफ केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि समाज के विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि पिछले कुछ वर्षों में सीआरपीएफ की जन-कल्याणकारी कार्यप्रणाली से स्थानीय जनता का प्रशासन के प्रति भरोसा और अधिक गहरा हुआ है।
इस अभियान की सफलता में जिला पुलिस बल, गड़चिरोली का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान 192 बटालियन के B समवाय के अधिकारी व जवान, तथा पुलिस सहायता केंद्र कोटमी के अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



