गोंदियाविदर्भ

बेमौसम बारिश से किसान संकट में; फसलों का तत्काल पंचनामा कर रिपोर्ट सौंपें – विधायक विनोद अग्रवाल

विधायक अग्रवाल ने कृषि अधिकारियों के साथ खेतों में जाकर लिया जायजा; शासन से की तत्काल आर्थिक सहायता की मांग

गोंदिया : पिछले दो-तीन दिनों से जिले में अचानक बदले मौसम और बेमौसम बारिश के कारण रबी सीजन की फसलों को व्यापक पैमाने पर नुकसान पहुँचा है। इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों को गहरे आर्थिक संकट में डाल दिया है। किसानों की व्यथा और चिंता को देखते हुए विधायक विनोद अग्रवाल ने तत्काल सक्रियता दिखाई और अधिकारियों के साथ तुमखेड़ा एवं कारंजा क्षेत्र के क्षतिग्रस्त खेतों का दौरा कर स्थिति का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान किसानों ने विधायक अग्रवाल को बताया कि उन्होंने कड़ी मेहनत और भारी लागत लगाकर रबी फसलों की बुवाई की थी। फसलें कटाई के करीब थीं, लेकिन बेमौसम बारिश ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। किसानों से संवाद करते हुए विधायक अग्रवाल ने उन्हें ढांढस बँधाया और विश्वास दिलाया कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है।

नुकसान की गंभीरता को देखते हुए विधायक विनोद अग्रवाल ने मौके पर मौजूद कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि: प्रत्येक क्षतिग्रस्त खेत का तत्काल पंचनामा किया जाए। नुकसान का सटीक आकलन कर रिपोर्ट जल्द से जल्द शासन को प्रस्तुत की जाए ताकि किसानों को मुआवजा मिल सके। कोई भी प्रभावित किसान पंचनामे से वंचित न रहे, इसकी पूरी सावधानी बरती जाए।

विधायक अग्रवाल ने राज्य शासन से पुरजोर मांग की है कि बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को विशेष राहत पैकेज के तहत तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा, “किसान पहले ही समस्याओं से जूझ रहा है, ऐसे में इस प्राकृतिक मार ने उसकी कमर तोड़ दी है। शासन को बिना किसी देरी के सहायता राशि जारी करनी चाहिए।”

इस दौरे के दौरान विधायक विनोद अग्रवाल के साथ पंचायत समिति सभापति मुनेश रहांगडाले, कृषि एवं पशुसंवर्धन सभापति दीपाताई चंद्रिकापुरे, उपविभागीय अधिकारी चंद्रभान खंडाईत, तहसीलदार समशेर पठान, जिला कृषि अधिकारी निलेश कानवडे, तहसील कृषि अधिकारी नेहा आढव सहित संबंधित तलाठी, कृषि सहायक और स्थानीय पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button