
घरों में घुसा पानी, लाखों का नुकसान; विधायक ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
गोंदिया : गोंदिया शहर में हुई भारी बारिश ने एक बार फिर जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शहर की कई बस्तियों में पानी घरों के अंदर तक घुस गया है, जिससे नागरिकों को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संकट की घड़ी में, जनता के भरोसेमंद विधायक विनोद अग्रवाल खुद मैदान में उतरे। उन्होंने तहसीलदार और नगर परिषद के अधिकारियों के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और नुकसान का पंचनामा करवाया।
शहर के मरारटोली, गजानन कॉलोनी, पांडे लेआउट, रिंग रोड, अवंती चौक, न्यू लक्ष्मी नगर और गणेशनगर जैसी बस्तियों में पानी घरों में घुस गया। इससे फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, राशन और कपड़ों का भारी नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर सड़कें पूरी तरह से जलमग्न हो गई हैं, जिससे आवागमन भी बाधित हुआ है।
विधायक विनोद अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित नागरिकों से सीधे बातचीत की और प्रशासन से तत्काल पंचनामा और राहत कार्य शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा: “इस मुश्किल समय में हम हर नुकसानग्रस्त परिवार के साथ खड़े हैं। सरकारी मुआवजा दिलवाना मेरी प्राथमिक जिम्मेदारी है।”
मुआवजा प्राप्त करने के लिए नागरिकों को कुछ बातों का ध्यान रखने की सलाह दी अपने घर के नुकसान की GPS लोकेशन सहित फोटो खींचकर सुरक्षित रखें। यह जानकारी अपने तलाठी या नगर परिषद कार्यालय में दर्ज कराएं। मौके पर अधिकारियों को स्थिति दिखाएं ताकि पंचनामा में नाम दर्ज हो सके। विधायक अग्रवाल ने जोर दिया कि जिनके नुकसान का पंचनामा होगा, उन्हें निश्चित रूप से मुआवजा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने तहसील प्रशासन, नगर परिषद और संबंधित विभागों को जलनिकासी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त की जाए। प्रत्येक प्रभावित क्षेत्र में सर्वे टीम तैनात की जाए। पीड़ित परिवारों की सूची 48 घंटे में तैयार की जाए। स्वच्छता अभियान युद्ध स्तर पर शुरू किया जाए। ऐसे निर्देश दिये।
जनता के विधायक विनोद अग्रवाल ने यह साबित कर दिया है कि वे केवल चुनावों में ही नहीं, बल्कि हर संकट में जनता के साथ खड़े रहने वाले नेता हैं। जहां शहर में जलभराव से नागरिक परेशान थे, वहीं विधायक स्वयं गली-गली घूमते दिखाई दिए – यही उनकी जनसेवा की पहचान है।



