
गोंदिया विधानसभा बना सर्वाधिक आवास योजना देने वाला क्षेत्र: विधायक अग्रवाल का दावा
गोंदिया: महसूल एवं वनविभाग स्वामित्व योजना के अंतर्गत, १७ सितंबर से २ अक्टूबर तक जारी अभियान के तहत, २७ सितंबर को गोंदिया के ग्राम टेढ़वा में २८० परिवारों को भूमि अधिकार पत्र (सनद) वितरित किए गए। विधायक विनोद अग्रवाल के हाथों इन परिवारों को उनकी जमीन का कानूनी हक प्राप्त हुआ।
विधायक अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि गोंदिया विधानसभा क्षेत्र में नागरिकों की व्यक्तिगत समस्याएँ अधिक हैं। उन्होंने राजस्व और वनविभाग की अड़चनों के कारण भूमि अधिकार पत्र से वंचित रह गए परिवारों की समस्या सरकार के समक्ष उठाई थी, जिसके सफल परिणाम स्वरूप आज ग्रामवासियों को यह हक मिला है।
विधायक अग्रवाल ने घोषणा की कि: उनका लक्ष्य २५ हजार परिवारों को भूमि पट्टे वितरित करना है, जिसमें वर्ष २०११ के पूर्व के अतिक्रमणधारक और १९९६ से निवास कर रहे लोग शामिल हैं। वर्तमान में ५०० वर्ग फुट के पट्टे दिए जा रहे हैं, जिसे भविष्य में २ हजार से ३ हजार वर्ग फुट तक बढ़ाने के लिए सरकार से बातचीत की जाएगी।
विधायक अग्रवाल ने दावा किया कि, पूरे महाराष्ट्र राज्य में गोंदिया विधानसभा क्षेत्र पहला ऐसा क्षेत्र है, जहाँ ग्रामीण में ४० हजार और शहरी क्षेत्र में १० हजार आवास स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने आगे ५० हजार और आवास मंजूर कराने का लक्ष्य रखा है। इसके अतिरिक्त, सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज पानंद (खेतों के रास्ते) सड़कों को पक्का करने का काम शुरू हो चुका है, और जो रास्ते नक्शे में नहीं हैं, उन्हें भी सूचीबद्ध कर मजबूत करने का कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक विनोद अग्रवाल ने की, जहाँ टेढ़वा सरपंच श्रीमती कौशल तुरकर, तहसीलदार शमशेर पठान, जिप सदस्य अनंदा वाढ़िवा, भूमि अभिलेख अधिकारी अजय क्षिरसागर, छत्रपाल तुरकर, सेंट्रल कृषक उपाध्यक्ष भाऊलाल, सेंट्रल कृषक संचालक दिनेश तुरकर, पूर्व सरपंच गोविंद तुरकर, उपसरपंच अनिता मात्रे, माणिक तुरकर, नंदू बिसेन, सहित सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे।



