
व्यस्ततम मुंबई-हावड़ा रेल रूट के बावजूद विधायक विनोद अग्रवाल के प्रयासों से कार्य को मिली गति; नागपुर और इंदौर में तैयार हो रहे स्टील गर्डर।
गोंदिया : गोंदिया शहर के दो हिस्सों को जोड़ने वाले लाइफलाइन कहे जाने वाले पुराने रेलवे ओवर ब्रिज के स्थान पर बन रहे नए फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच गया है। विधायक विनोद अग्रवाल के सतत प्रयासों और निरंतर मॉनिटरिंग के चलते, 47.68 करोड़ की लागत से बन रहे इस 553 मीटर लंबे ब्रिज के सभी मुख्य पिलर (रेलवे हिस्से को छोड़कर) बनकर तैयार हो चुके हैं। साथ ही, एप्रोच रोड (RI Wall) का निर्माण भी तीव्र गति से जारी है।
इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी चुनौती मुंबई-हावड़ा और जबलपुर-चेन्नई जैसे अतिव्यस्त रेल मार्गों का होना है। इस रूट पर प्रतिदिन 200 से अधिक यात्री ट्रेनें और भारी संख्या में मालगाड़ियां गुजरती हैं। विधायक विनोद अग्रवाल ने बताया कि, ब्रिज गोंदिया स्टेशन के बेहद करीब होने के कारण यहाँ रेलवे की हाई-वोल्टेज बिजली केबल, सिग्नलिंग वायर और पानी की पाइपलाइनों का जाल है। ट्रेनों के आवागमन को बाधित किए बिना इन सुविधाओं को शिफ्ट करना एक जटिल प्रक्रिया थी, जिसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा रहा है।
ब्रिज के निर्माण को समय पर पूरा करने के लिए गर्डर का काम ऑफ-साइट किया जा रहा है: नागपुर (MIDC): रॉयल इंजीनियरिंग में स्टील गर्डर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जैसे ही यह कार्य पूर्ण होगा, गर्डर लॉन्चिंग और स्लैब डालने का काम शुरू हो जाएगा। इंदौर: रेलवे ट्रैक के ऊपर लगने वाले विशेष स्टील गर्डर (OWG) का काम इंदौर में चल रहा है।
15 अप्रैल 2026 को विधायक विनोद अग्रवाल ने पीडब्ल्यूडी और रेलवे विभाग के आला अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक की थी। इस बैठक में नागपुर रेलवे डिवीजन के मुख्य अधिकारियों ने कार्य को और गति देने का आश्वासन दिया है। विधायक अग्रवाल ने कहा, “गोंदिया की जनता की सुविधा मेरी प्राथमिकता है। मैं इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के माध्यम से लगातार रेलवे और राज्य प्रशासन के संपर्क में हूं।”
क्षेत्र के अन्य प्रोजेक्ट्स जैसे सौंदड़ (8 वर्षों से लंबित), तिरोड़ा (काचेवानी) और आमगांव (कीडंगीपार) के कार्यों में देरी के बावजूद, गोंदिया शहर के इस पुल का कार्य रिकॉर्ड समय में पटरी पर आना विधायक की सक्रिय कार्यशैली को दर्शाता है। नेहरू चौक ब्रिज के साथ ही मरारटोली और हड्डिटोली रेलवे ब्रिज की योजनाओं पर भी रेल विभाग काम कर रहा है।
विधायक विनोद अग्रवाल ने आश्वासन दिया है कि वह ‘बेटा, भाई और सेवक’ के रूप में इस कार्य को बिना रुके पूरा कराएंगे ताकि शहरवासियों को यातायात की समस्या से स्थायी मुक्ति मिल सके।



