
नराकास (कार्यालय-2) के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में 24 प्रतिभागियों ने दिखाया वाकपटुता का कौशल
नागपुर : विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (वीएनआईटी), नागपुर के सीनेट हॉल में सोमवार, 05 जनवरी को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), नागपुर (कार्यालय-2) के तत्वावधान में एक भव्य ‘तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न कार्यालयों से आए प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता और बेहतरीन वक्तृत्व कला से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बाद विजेताओं के नामों की घोषणा की गई: प्रथम स्थान: डॉ. वैदेही डाकवाले (वीएनआईटी, नागपुर), द्वितीय स्थान: वीणा मिश्रा (केंद्रीय विद्यालय, अंबाझरी) और तृतीय स्थान: नवीन कुमार श्रीवास्तव (संयुक्त नियंत्रक रक्षा लेखा कार्यालय) को प्राप्त हुआ।
समारोह की अध्यक्षता वीएनआईटी के प्रभारी निदेशक प्रो. ज्ञानप्रकाश सिंह ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं राजभाषा प्रमुख पी. नरेंद्र कुमार थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्थान के कुलसचिव सचिन जगदाले उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में राजभाषा हिंदी के महत्व और युवाओं में तात्कालिक चिंतन एवं अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया।
हिंदी विशेष कार्य अधिकारी एस. पी. सिंह ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने निर्णायक मंडल की सदस्य प्रतीका गार्गव साकल्ले (राजभाषा प्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा) और सुप्रसिद्ध साहित्यकार प्रभा ललित सिंह का परिचय कराया।
प्रतियोगिता में विभिन्न सरकारी कार्यालयों से आए लगभग 24 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। समसामयिक और प्रासंगिक विषयों पर प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. भारती पोलके ने किया। कार्यक्रम के अंत में पूनम उईके ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों के भीतर छिपी वक्तृत्व कला को निखारना था। प्रतिभागियों के तर्कपूर्ण भाषणों और ज्ञान की गहराई ने इस आयोजन को बेहद सफल और यादगार बना दिया।



