
36वें MEMC सप्ताह में नागपुर में हुआ सम्मान; कंपनी की ‘महिला टीम‘ ने पुरस्कार स्वीकार कर पेश की सशक्तिकरण की मिसाल
नागपुर : पर्यावरण संरक्षण और शाश्वत खनन तथा खनिज संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली खनन कंपनियों को सम्मानित करने के लिए नागपुर के होटल रीजेंटा में 36वें ‘माइंस एनवायरनमेंट एंड मिनरल कंजरवेशन’ (MEMC) सप्ताह का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित समारोह में लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड (LMEL) की सुरजागढ़ आयरन ओर माइंस ने अपनी स्थायी कार्यप्रणाली का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय पुरस्कार हासिल किया।
भारतीय खान ब्यूरो (IBM) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में, ‘फुली-मेकनाइज्ड ओपन कास्ट माइंस’ जैसी चुनौतीपूर्ण श्रेणी में लॉयड्स मेटल्स को यह सम्मान दिया गया। लॉयड्स मेटल्स ने यह पुरस्कार अल्ट्राटेक सीमेंट की नाओकारी लाइमस्टोन माइंस के साथ संयुक्त रूप से साझा किया।
इस समारोह का सबसे मुख्य आकर्षण लॉयड्स मेटल्स की ओर से पुरस्कार ग्रहण करने पहुंची ‘महिला टीम’ रही। खनन जैसे कठिन क्षेत्र में महिलाओं की समावेशी भागीदारी को राष्ट्रीय मंच पर सराहा गया। इन महिला कर्मचारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आत्मविश्वासपूर्ण संवाद किया और अपने व्यावसायिक अनुभवों को साझा किया, जिसे उपस्थित विशेषज्ञों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के दौरान लॉयड्स मेटल्स ने अपनी टिकाऊ और जिम्मेदार खनन पहलों का प्रदर्शन किया, जिनमें प्रमुख हैं: ग्रीन माइनिंग: पर्यावरण के अनुकूल खनन तकनीकें। तकनीकी नवाचार: स्लरी पाइपलाइन परियोजना, पेलेट प्लांट संचालन और BHQ का बेनिफिशिएशन। सामाजिक उत्तरदायित्व: प्रभावित क्षेत्रों में कंपनी द्वारा चलाई जा रही विभिन्न CSR पहलें।
“हरित भविष्य हमारा लक्ष्य” – बी. प्रभाकरन
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक बी. प्रभाकरन ने कहा, “हरित, स्वच्छ और सतत खनन के हमारे दृष्टिकोण को इस पुरस्कार से नई ऊर्जा मिली है। विशेष रूप से राष्ट्रीय मंच पर कंपनी का प्रतिनिधित्व करने वाली हमारी महिला टीम पर हमें गर्व है। महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण हमारी निरंतर प्रतिबद्धता है।”
इस अवसर पर भारतीय खान ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी, खनन संगठनों के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के विशेषज्ञ बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
LMEL की सुरजागढ़ आयरन ओर माइंस को प्राप्त पुरस्कार
उपरोक्त सम्मान के अतिरिक्त, 36वें MEMC सप्ताह के दौरान लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड की सुरजागढ़ आयरन ओर माइंस को विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निम्नलिखित पुरस्कार प्रदान किए गए: निम्न-ग्रेड खनिजों का बेनिफिशिएशन एवं उपयोग: प्रथम पुरस्कार, वनीकरण: प्रथम पुरस्कार, शाश्वत विकास: द्वितीय पुरस्कार, पद्धतिगत एवं वैज्ञानिक विकास: तृतीय पुरस्कार, समग्र प्रदर्शन (ओवरऑल): द्वितीय पुरस्कार.
ये सभी उपलब्धियां शाश्वत खनन प्रथाओं, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार संसाधन प्रबंधन में LMEL के नेतृत्व को और सुदृढ़ करती हैं।



