गडचिरोलीविदर्भ

स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त गडचिरोली की ओर बड़ा कदम : लॉयड्स मेटल्स ने नगर परिषद को सौंपी अत्याधुनिक ‘स्वचालित सड़क सफाई मशीन’

गडचिरोली : शहर के सर्वांगीण विकास और शहरी कायाकल्प की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई। लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत गडचिरोली नगर परिषद को एक अत्याधुनिक ‘स्वचालित सड़क सफाई वाहन’ (Automatic Sweeping Machine) भेंट किया है। इस पहल का उद्देश्य शहर की सड़कों को धूल मुक्त बनाना और जनस्वास्थ्य के मानकों में सुधार करना है।

इस अत्याधुनिक मशीन का भव्य उद्घाटन गडचिरोली विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक डॉ. मिलिंद नारोटे के कर-कमलों द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक डॉ. नारोटे ने लॉयड्स मेटल्स की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के समावेश से शहर की स्वच्छता व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी और नागरिकों को प्रदूषण मुक्त वातावरण मिलेगा।

इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि इस वाहन के केवल प्रदान करने तक ही कंपनी की भूमिका सीमित नहीं है। इस मशीन के सुचारू संचालन और रखरखाव (Operation and Maintenance) की पूरी जिम्मेदारी भी लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड द्वारा नगर परिषद के मार्गदर्शन और समन्वय में निभाई जाएगी। इससे नगर परिषद पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा और सफाई कार्य भी निर्बाध रूप से चलता रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित लॉयड्स मेटल्स के वरिष्ठ अधिकारियों ने कंपनी की विभिन्न CSR गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि, कंपनी के प्रबंध निदेशक बी. प्रभाकरन के दूरदर्शी नेतृत्व में गडचिरोली जिले में सामुदायिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह मशीन पर्यावरण संरक्षण और शहरी अवसंरचना को मजबूत करने की उसी कड़ी का हिस्सा है।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद अशोक नेते, नगर परिषद के उपाध्यक्ष श्री निखिल चारडे, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति के अध्यक्ष मुक्‍तेश्वर काटवे तथा नगर परिषद के मुख्याधिकारी सूर्यकांत पिदुरकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नागरिकों से इस स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।

मशीन की विशेषताएं और लाभ: गति और प्रभावशीलता: प्रमुख सड़कों की सफाई अब पहले की तुलना में अधिक तेज और व्यवस्थित होगी। धूल प्रदूषण में कमी: स्वचालित ब्रशिंग और सक्शन तकनीक से धूल के कणों को प्रभावी ढंग से हटाया जा सकेगा, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार होगा। तकनीकी सुदृढ़ता: कम समय और कम श्रम में विशाल क्षेत्र की सफाई संभव होगी।

यह पहल जिला प्रशासन और लॉयड्स मेटल्स के बीच की मजबूत साझेदारी का एक और प्रमाण है, जो एक स्वस्थ और सतत गडचिरोली के निर्माण के प्रति समर्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button