
5 वर्षों में 44 हजार ग्रामीणों को मिला आशियाना ; रेती आवंटन में भी गोंदिया ने रचा कीर्तिमान
गोंदिया : ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद नागरिकों के ‘अपने घर’ के सपने को साकार करने में गोंदिया जिले ने पूरे महाराष्ट्र में एक बार फिर सफलता का झंडा गाड़ा है। विधायक विनोद अग्रवाल के निरंतर प्रयासों और प्रभावी क्रियान्वयन के चलते, प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAAY) के अंतर्गत गोंदिया जिले ने लगातार चौथी बार राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए 15 मई 2026 को सतारा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में गोंदिया को पुरस्कृत किया जाएगा।
विधायक विनोद अग्रवाल ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, “मेरे कार्यकाल से पूर्व गोंदिया में केवल 5 हजार ग्रामीणों को ही आवास योजना का लाभ मिल सका था। लेकिन बीते पांच वर्षों में हमने पूरी ताकत के साथ जरूरतमंदों का पक्ष रखा, जिसका परिणाम है कि आज 44 हजार परिवारों के पास अपना पक्का मकान है।” उन्होंने आगे बताया कि अभी सर्वेक्षण कार्य पूर्ण हो चुका है और आगामी समय में 43 हजार अतिरिक्त ग्रामीणों को आवास दिलाने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
आवास निर्माण में आने वाली सबसे बड़ी बाधा ‘रेती’ की उपलब्धता को दूर करने के लिए विधायक अग्रवाल ने ऐतिहासिक पहल की। सरकार के माध्यम से 5 ब्रास रेती पर रॉयल्टी की छूट दिलाकर लाभार्थियों को बड़ी राहत दी गई। वर्ष 2024-25 का आंकड़ा: 4,996 लाभार्थियों को कुल 16,685 ब्रास रेती आवंटित की गई, जो पूरे राज्य में एक रिकॉर्ड है।
‘महा आवास अभियान 2023-24’ के तहत घोषित परिणामों में गोंदिया ने अपनी श्रेष्ठता बरकरार रखी है। विधायक अग्रवाल ने इस सफलता का श्रेय प्रशासन, पंचायत समिति के सभापतियों, पदाधिकारियों और ग्रामीण विकास प्रणाली की टीम वर्क को दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार चौथी बार शीर्ष पर रहना एक बड़ी जिम्मेदारी है और हम भविष्य में भी हर जरूरतमंद को छत दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विधायक विनोद अग्रवाल के अनुसार, जिले का कोई भी गरीब व्यक्ति कच्चे मकान में न रहे, यही उनका अंतिम लक्ष्य है। शेष 43 हजार परिवारों के लिए पात्रता जांच और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं, जिससे जल्द ही जिले में आवास क्रांति का अगला चरण शुरू होगा।



