
गोरेगांव तालुका में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की नई कार्यकारिणी घोषित ; रविंद्र पटले के नेतृत्व में युवाओं को मिली जिम्मेदारी
गोरेगांव : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), गोरेगांव तालुका की नई कार्यकारिणी की घोषणा हाल ही में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोहित अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में की गई। इस नई कार्यकारिणी का गठन तालुकाध्यक्ष रविंद्र (रवि) पटले के नेतृत्व में संगठन विस्तार, सामाजिक कार्य, जनसंपर्क तथा पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है। नई ऊर्जा के साथ गठित इस टीम में ऊर्जावान युवा कार्यकर्ताओं को विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
घोषित की गई नई कार्यकारिणी के अनुसार, भाजयुमो गोरेगांव मंडल के महामंत्री पद की कमान किरण पालेवार, अजय राहंगडाले एवं खोमेंद्र पारधी को सौंपी गई है। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नवनियुक्त युवा नेतृत्व ने एकजुटता दिखाते हुए संकल्प व्यक्त किया कि युवा शक्ति के बल पर गोरेगांव तालुका में संगठन को और अधिक गतिशील व मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता दिन-रात काम करेंगे।
इस बैठक में वरिष्ठ नेताओं द्वारा सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, ‘बूथ सशक्तिकरण’ अभियान को गति देने, सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने, पर्यावरण संरक्षण तथा युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया। साथ ही आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय सुनिश्चित करने हेतु समर्पित भावना से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में पूर्व विधायक हेमंत पटले, डॉ. लक्ष्मण भगत (बांधकाम सभापति), चित्रकला चौधरी (पंचायत समिति सभापति), जिला महामंत्री मनोज बोपचे, पुष्पराज जनबंधु, अभय मानकर, विक्की बघेले और अजीत टेंभरे सहित भाजपा एवं भाजयुमो के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



